Karnataka Results 2023: क्या कर्नाटक से होगी कांग्रेस की वापसी, चुनावी नतीजे में दिखी कांग्रेस की लहर

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजे सामने आ गये हैं। कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार कर 135 सीट जीत चुकी है।

Karnataka Results 2023: क्या कर्नाटक से होगी कांग्रेस की वापसी, चुनावी नतीजे में दिखी कांग्रेस की लहर
कर्नाटक विधानसभा

कर्नाटक चुनाव ने देश की राजनीति के लिए नये संकेत दिये हैं! कांग्रेस कर्नाटक में सरकार बना रही है। फिलहाल 135 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है और बीजेपी 65 सीटों पर सिमट गई है। कर्नाटक विधानसभा के सभी 224 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इन रूझानों ने बीते 38 सालों का ट्रेंड बदलकर रख दिया है। 10 मई को सम्पन्न हुए मतदान में 73.19 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किये गये थे। इस चुनाव में बीजेपी के 12 मंत्री हार गये हैं।

बेंगलुरू में बनेगी रणनीति

कांग्रेस ने बेंगलुरू के 5 स्टार होटल में 50 कमरे बुक किये हैं। जीते हुए विधायकों को रात 8 बजे तक होटल पहुंचने का निर्देश दिया गया है। होटल में कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक के बाद ही तय होगा कि कर्नाटक के नये सीएम प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार होंगे या सिद्धारमैया होंगे। दोनों नेता सीएम पद की रेस में है। 

नतीजों से शुरू होगी नयी बहस

कर्नाटक के नतीजों ने एक्जिट पोल के नतीजों से भी बढ़कर परिणाम दिये हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक से बीजेपी का सूपड़ा साफ कर दिया है। कांग्रेसी खेमे में उत्साह चरम पर है, बीजेपी नेताओं के चेहरे मुरझाये हुए हैं, लेकिन इस नतीजे से इतह राजनीतिक गलियारे में एक नयी बहस ने जन्म लेना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओँ ने कहना शुरू कर दिया है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के परिणाम आने शुरू हो गये हैं। आगामी वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव के साथ साथ कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम की छाप आने वाले चुनावों में पड़ेगी, इसकी पूरी संभावना है।  

देखिये देशभर के नेताओं की क्या रही प्रतिक्रिया

कर्नाटक में नफरत की बाजार बंद हुई है, मोहब्बत की दुकान खुली है - राहुल गांधी, कांग्रेस नेता
देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है, जनता का आभार - प्रियंका गांधी
हम जनता के विश्वास को बनाये रखेंगे और घोषणापत्र में की गयी घोषणाओँ को जल्द लागू करेंगे - मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस
'भ्रष्टाचारियों के सिर पर पड़ गया गदा, बजरंगबली हमेशा सच का साथ देते हैं' - भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
पार्टी के लिए जीत और हार कोई नई बात नहीं है। वो इस झटके का आत्मनिरीक्षण करेंगे - बीएस येदुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री, कर्नाटक
क्रूर अधिनायकवादी और बहुसंख्यकवादी राजनीति पराजित हुई है - ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, बंगाल
हार की जिम्मेदारी मेरी है, हम विश्लेषण करेंगे कि हमसे कहां गलती हुई है - बसवराज बोम्मई, मुख्यमंत्री, कर्नाटक