मातम में बदला मुहर्रम, बोकारो में ताजिया निकालने के दौरान हुआ बड़ा हादसा, 4 की मौत 10 घायल

बोकारो के बेरमो विधानसभा क्षेत्र के खेतको में मुहर्रम जुलुस में निकाले ताजिया के हाईटेंशन तार की चपेट में आने के बाद खेतको गाँव के 4 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 10 लोग बुरी तरह जख्मी हो गये।

मातम में बदला मुहर्रम, बोकारो में ताजिया निकालने के दौरान हुआ बड़ा हादसा, 4 की मौत 10 घायल


बोकारो, झारखंड

बोकारो में मोहर्रम के दौरान हुई बड़ी हादसे से माहौल मातम में बदल गया। घटना शनिवार सुबह की है, जहां बेरमो विधानसभा क्षेत्र के खेतको में मुहर्रम जुलुस में निकाले ताजिया के हाईटेंशन तार की चपेट में आने के बाद खेतको गाँव के 4 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 10 लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। मुहर्रम के दौरान ताजिया निकाली गई थी, जो 11000 वोल्ट तार के चपेट में आ गयी। बताया जा रहा है कि पोल से तार काफी नीचे थी, लेकिन हाई वोल्टेज के कारण ताजिया तार के संपर्क में आत गयी। ताजिया पकड़े हुए कुल 13 लोग घायल हो गए, जिसमें सभी बुरी तरह झुलस गये। मरने वालों में आसिफ अंसारी,इनामुल हक,  गुलाम हुसैन और साजिद अंसारी है। बोकारो जनरल अस्पताल में बड़ी संख्या में घायल व मृतक के परिजन व क्षेत्र के ग्रामीणों का जमावड़ा लगा हुआ है। मरने वालों और घायलों के परिजनों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है। बेरमो से कांग्रेस विधायक कुमार जय मंगल सिंह ने कहा है कि इस घटना के बाद सरकार के स्तर से मृतक के परिजनों को बिजली विभाग दो -दो लाख मुआवजा दिलाया जायेगा। वहीं घायलों को एक-एक लाख मुआवजा दिया जाएगा। 

गृह मंत्रालय ने लिया संज्ञान

घटना के संबंध में केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए जिले के उपायुक्त और जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले की जानकारी मांगी है। मंत्रालय ने कहा है कि किन परिस्थितियों में यह घटना घटी। जबकि जुलुस के वक्त विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जानी चाहिए थी। उन्होंने सभी जिलों को सतर्कता बरतने की बात कही है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

घटना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि बोकारो जिले के खेतको में मुहर्रम जुलूस के दौरान दुर्घटना से 4 लोगों की मृत्यु और 10 लोगों के घायल होने का दुःखद समाचार मिला। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है। सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।