12 वें मुख्यमंत्री और 7 वें चेहरे के रूप में चंपई सोरेन की ताजपोशी, चंपई समेत दो मंत्रियों ने भी ली शपथ

मुख्यमंत्री के रूप में चंपई सूर्य ने शपथ ली, 5 फरवरी को साबित करेंगे बहुमत

1.

रांची
12वें मुख्यमंत्री के रूप में जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन ने शुक्रवार को शपथ ली। उनके साथ कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद विधायक सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद झारखंड के नये मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि वे हेमंत सरकार के कामों को आगे बढ़ायेंगे। पिछली सरकार ने जो विकास कार्य शुरू किये थे, उन्हें और गति देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष झारखंड को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन हमारा गठबंधन हमारी शक्ति है। हम सब मिलकर राज्य को नयी दिशा देंगे। आज 1.30 बजे कैबिनेट की बैठक भी हुई, जिसमें फैसला लिया गया की 5 और 6 फरवरी को 2 दिन का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। 
37 विधायक हैदराबाद रवाना
 
राजभवन में चंपई सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सत्ता पक्ष के सभी विधायक सर्किट हाउस से हैदराबाद भेज दिये गये। बताया जाता है कि विधायकों को टूटने से बचाने के लिए उन्हें हैदराबाद शिफ्ट किया गया है। अब 10 दिनों के अंदर सरकार को अपना बहुमत सिद्ध करना है। हैदराबाद जाने वाले सभी विधायक उसी दिन लौटेंगे जिस दिन झारखंड विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होगा। अब सभी विधायक 5 फरवरी को फ्लोर टेस्ट के दिन रांची पहुंचेंगे।
बिरसा और सिद्दो को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद चंपई सोरेन रांची के सिदो कान्हू उद्यान पार्क पहुंचे. वहां पार्क परिसर में स्थित शहीद सिदो कान्हू की प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहां से वे सीधे बिरसा चौक पहुंचे जहां उन्होंने बिरसा मुंडा को श्रृद्धांजलि देने के बाद प्रोजेक्ट भवन पहंचे।
 
पांच दिन की रिमांड पर हेमंत सोरेन
 
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ED अगले पांच दिनों तक पूछताछ करेगी। पीएमएलए कोर्ट ने इसकी इजाजत दे दी है। गुरूवार को हेमंत सोरेन को ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया था। कोर्ट ने ED और हेमंत सोरेन का पक्ष सुनने के बाद रिमांड पर फैसले के लिये शुक्रवार तक के लिए रिजर्व रखा था। शुक्रवार को एक बार फिर हेमंत सोरेन को कोर्ट में पेश किया गया और पांच दिन की रिमांड मंजूर की गयी। ED ने उनसे पूछताछ के लिए कोर्ट से दस दिनों की रिमांड मांगी थी। गौरतलब है कि ईडी ने बुधवार को 7 घंटे की पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया था।