रांची में सुपरस्टार रजनीकांत, आध्यात्मिक यात्रा पर हैं 'जेलर'

'जेलर' की अपार सफलता के बाद सुपरस्टार रजनीकांत चुपके से रांची पहुंचे हैं। वे यहां दो दिन रूकेंगे

रांची में सुपरस्टार रजनीकांत, आध्यात्मिक यात्रा पर हैं 'जेलर'


रांची


परमहंस योगानन्दजी के पदचिह्नों पर चलनेवाले, ख्यातिप्राप्त भारतीय फिल्म अभिनेता रजनीकांत बुधवार से रांची की यात्रा पर हैं। रजनीकांत बुधवार रात ही रांची पहुंच चुके थे, लेकिन उनके आने की खबर को बेहद गोपनीय रखा गया था। वे रांची के होटल रेडिशन ब्लू में ठहरें है। बुधवार रात ही वे होटल से सीधे राजभवन गये। राजभवन में  राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान रजनीकांत ने योगानन्द से संबंधित पुस्तकें भेंट की।

योगदा आश्रम में रजनीकांत ने बिताये 2 घंटे

रांची में सर्वाधिक समय रजनीकांत ने चुटिया स्थित योगदा सत्संग मठ में बिताया। रजनीकांत पूरे मठ का परिभ्रमण कर, स्वयं की आध्यात्मिक भूख को शांत किया। उन्होंने ध्यान केन्द्र तथा गुरुजी के विशेष कमरे में जाकर ध्यान भी किया। दो घंटे से भी ज्यादा समय उन्होंने योगदा सत्संग मठ में बिताया। रजनीकांत ने वहां स्वामी अमरानन्द से बातचीत भी की। मालूम हो कि रजनीकांत योगदाभक्त हैं। वे कई बार योगदा द्वारा संचालित कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं। बताया जा रहा है कि रजनीकांत की यह रांची यात्रा एक आध्यात्मिक यात्रा है। क्रिया योग साधना के नियमित साधक और विश्व प्रसिद्ध पुस्तक योगी कथामृत के लेखक श्रीश्री परमहंस योगानन्द जी के शिष्य होने के नाते वे रांची आने से पहले योगदा के उत्तराखण्ड के द्वाराहाट आश्रम और महावतार बाबाजी की गुफा में दर्शन और ध्यान करके रांची आये। ये उनकी अपने आध्यात्मिक गुरु के आश्रम की तीसरी भेंट है। 

रजरप्पा पूजा करने पहुंचे

योगदा सत्संग आश्रम से निकलने के बाद वे सीधे रजरप्पा गये। गुरूवार को रजनीकांत रामगढ़ जिले के मां छिन्नमस्तिके मंदिर रजरप्पा गये। वहां उन्होंने पूजा की। रजनीकांत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात करेंगे या नहीं इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।