Kurmi Protest: धारा 144 के बावजूद कई जगह ट्रैक पर उतरे आंदोलनकारी। कुड़मी का रेल रोको आंदोलन का पहला दिन, झारखंड - ओड़िशा में रेल चक्का जाम

ST सूची में शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड-ओड़िशा के कुड़मी समुदाय आज से अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन आरंभ कर चुके हैं। इस आंदोलन का रेलवे यातायात पर खासा प्रभाव दिख रहा है।

Kurmi Protest: धारा 144 के बावजूद कई जगह ट्रैक पर उतरे आंदोलनकारी। कुड़मी का रेल रोको आंदोलन का पहला दिन, झारखंड - ओड़िशा में रेल चक्का जाम


रांची/मुरी


एसटी सूची में शामिल करने व कुड़माली भाषा को आठवीं अनुसूची में दर्ज करने की मांग को लेकर कुड़मी जाति का अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन आज से शुरू हो गया। तीन राज्यों तक फैले इस आंदोलन को पश्चिम बंगाल में वापस ले लिया गया, लेकिन झारखंड और ओड़िशा में इसका असर दिखायी पड़ रहा है। खासकर बंगाल-झारखंड और झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती इलाकों के स्टेशन व हाल्ट पर कुड़मी सुमदाय के लोग ट्रैक पर उतर गये हैं। रांची से 70 किलोमीटर पर मुरी स्टेशन के करीब लगभग 5 हजार आंदोलनकारी ट्रैक पर जमे हुए हैं। वंही चाईबासा के मनोहरपुर व  घाघरा हाल्ट पर भी सैकड़ों आंदोलनकारी ट्रैक पर बैठ गये हैं। इसकी वजह से पुरी-हृषिकेश उत्कल एक्सप्रेस दो घंटे से फंसी है। सरायकेला-खरसांवा के नीमडीह स्टेशन के करीब भारी संख्या में कुड़मी समुदाय के लोग जमा हैं। धनबाद के गोमो जंक्शन पर कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच आंदोलनकारी आसपास के इलाकों में जमा हो रहे हैं। प्रशासन ने कल शाम से ही संवेदनशील इलाकों और स्टेशनों पर धारा 144 लागू कर दी थी, बावजूद इसके आंदोलनकारी अपने मंसूबे में कामयाब होते दिखायी पड़ रहे हैं। 

ओड़िशा में भी असर

प.बंगाल में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद आंदोलन वापस ले लिया गया, लेकिन झारखंड और ओड़िशा में आंदोलन तेजी पकड़ रहा है। ओड़िशा के मयूरभंज और रायरंगपुर में भी रेलवे ट्रैक पर कुड़मी समुदाय के लोग बैठ गये हैं। भंजूपुर में कुड़मी समाज के लोगों ने बांगरीपोशी-मयूरभंज और शालीमार-पुरी एक्सप्रेस को रोक रखा है। हावड़ा मुम्बई मार्ग के जाम होने से यात्री गाड़ियां जहां तहां रूकी पड़ी है। 


तीन ट्रेनें रद्द

रेल रोको आंदोलन का रांची स्टेशन पर असर दिखने लगा है। यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ राह है। कुड़मी आंदोलन की वजह से झारखंड के मनोहपुर, नीमडीह, गोमो और मुरी रूट पर असर पड़ेगा। वंही पश्चिम बंगाल के कुस्तौर और खेमाशुली व ओड़िशा के बारीपदा और रायरंगपुर रूट पर भी इसका असर होगा। गोमो स्टेशन पर आंदोलन से धनबाद रूट की 60 ट्रेनें प्रभावित होंगी।  फिलहाल रांची से खुलने वाली तीन ट्रेनें रद्द कर दी गयी है। 
हटिया - गोरखपुर एक्सप्रेस (ट्रेन सं. - 15027)
रांची - भागलपुर एक्सप्रेस (ट्रेन सं. - 13403 )
रांची - कामाख्या एक्सप्रेस (ट्रेन सं. - 15661 )